पूर्व मंत्री सरयू राय के खिलाफ PIL दर्ज, जानें क्या है आरोप

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : पूर्व मंत्री सरयू राय पर करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगा है। उन पर यह आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है।

जमशेदपुर के रहनेवाले विनय कुमार सिंह ने यह जनहित याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि राज्य का खाद्य आपूर्ति मंत्री रहते हुए सरयू राय ने वित्तीय अनियमितता की।

याचिकाकर्ता के वकील विनोद कुमार साहू के मुताबिक, विभागीय पत्रिका आहार का प्रकाशन बिना टेंडर के ही झारखंड प्रिंटर्स को दे दिया गया।

इतना ही नहीं, पूर्व मंत्री ने अपने निजी सहायक आनंद कुमार को इस पत्रिका का विशेषज्ञ कार्यकारी संपादक नियुक्त कर दिया।

करोड़ों रुपये का किया गया घोटाला

विनय कुमार सिंह का आरोप है इस पत्रिका के माध्यम से करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है। इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गयी है, जो याचिकाकर्ता विनय कुमार सिंह के वकील विनोद कुमार साहू के नाम से है।

इसमें पूर्व मंत्री सरयू राय पर वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप लगाये गये हैं।

विनय कुमार सिंह के वकील विनोद कुमार साहू के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि झारखंड प्रिंटर्स के चयन का आधार सिर्फ वार्तालाप थी।

यह बात फाइल में भी दर्ज है। बताया गया है कि पत्रिका में विभाग की योजनाओं से संबंधित जानकारी से ज्यादा विभागीय मंत्री का गुणगान होता था।

Share This Article