राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन, हेमंत सोरेन और राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

President Draupadi Murmu 67th Birthday: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज 67वां जन्मदिन है। इस खास मौके पर देशभर से लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

उनका जीवन और नेतृत्व देशभर के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जनसेवा, सामाजिक न्याय, और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”

झारखंड के नेताओं की बधाई

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी राष्ट्रपति को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ संकल्प, और जनसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूँ।”

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने X पर लिखा, “देश की माननीय राष्ट्रपति आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आपका दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत है। मरांग बुरु आपको सदैव स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें।”

Share This Article