
Pune Overseas Job Fraud : विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाकर पुणे की 28 वर्षीय महिला से कथित तौर पर 8 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसे नौकरी के नाम पर पुर्तगाल भेजने के बाद वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे उसकी मर्जी के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर किया गया।
मामले में महिला की शिकायत पर एयरपोर्ट पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर देखा था विदेश में नौकरी का विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक महिला ने सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद उसे पुणे स्थित एक कार्यालय में बुलाया गया।
महिला का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुर्तगाल, नीदरलैंड्स, स्पेन, डेनमार्क और पोलैंड में अच्छी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। नौकरी के लिए जॉब वीजा, वर्क परमिट, फ्लाइट टिकट समेत दूसरे खर्चों के नाम पर उससे और उसके पति से करीब 8 लाख रुपये लिए गए।
महिला के मुताबिक 14 फरवरी 2026 को वह अपने पति के साथ कंसल्टेंसी के कार्यालय गई थी। वहां उसे ब्लू-कॉलर जॉब के लिए दो से तीन लाख रुपये तक की सैलरी मिलने की बात कही गई थी।
स्पेन के रास्ते पुर्तगाल भेजा, पहुंचते ही पासपोर्ट लिया
शिकायत के अनुसार, पैसे लेने के बाद महिला को स्पेन के रास्ते पुर्तगाल भेज दिया गया। वहां पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर एक दूसरी जगह ले जाया गया। महिला का आरोप है कि उसका पासपोर्ट ले लिया गया और करीब दो दिनों तक उसे एक कमरे में बंद रखा गया।
महिला के मुताबिक पासपोर्ट वापस देने के बदले उससे पैसे मांगे गए। उसने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद पैसे देकर उसका पासपोर्ट वापस लिया गया।
इसके बाद उसे एक दुकान में क्लीनर का काम करने के लिए भेज दिया गया। महिला का कहना है कि जब उसे समझ आया कि उसके साथ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी हुई है, तो उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसके भारत लौटने की व्यवस्था की गई।
भारत लौटने के बाद भी धमकी देने का आरोप
महिला का आरोप है कि भारत लौटने के बाद जब उसने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने रकम लौटाने के बजाय उससे तीन लाख रुपये और मांगे। साथ ही उसे धमकी भी दी गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि पुर्तगाल में पासपोर्ट वापस लेने के लिए उसे करीब 40 हजार रुपये देने पड़े। इसके बाद भी उसके साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी का सिलसिला जारी रहा।
एयरपोर्ट पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सब-इंस्पेक्टर प्रशांत माने मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस आरोपों की जांच के साथ-साथ लेनदेन और विदेश भेजने से जुड़े दस्तावेजों की भी जानकारी जुटा रही है।

