
नई दिल्ली : कतर के रास लफ्फान औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रमुख प्राकृतिक गैस निर्यात टर्मिनल में रविवार देर रात हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 54 लोग घायल हो गए, जबकि 18 अन्य लापता हैं। यह हादसा बारजान संयंत्र में स्थित टर्मिनल का परिचालन दोबारा शुरू करने के दौरान हुआ।
रास लफ्फान कतर से प्राकृतिक गैस के निर्यात का सबसे बड़ा और मुख्य केंद्र है। हालिया युद्ध के दौरान ईरान ने इस क्षेत्र को निशाना बनाया था, जिसके बाद से यह टर्मिनल कई हफ्तों तक पूरी तरह बंद रहा। कतर के अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत के बाद रविवार रात जब इस टर्मिनल को दोबारा चालू करने की तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी, तभी यह जोरदार धमाका हुआ।

