
Rafia Naz: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में महिला बंदी से जुड़े कथित यौन शोषण और गर्भधारण मामले को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था और मानवता पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताते हुए उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है।
राफिया नाज़ ने आरोप लगाया कि जेल में बंद एक महिला कैदी के साथ कथित रूप से महीनों तक शोषण हुआ और मामला सामने आने के बाद उसे दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आरोपितों पर कार्रवाई नहीं होना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। भाजपा प्रवक्ता का कहना है कि राज्य में “न्याय नहीं, बल्कि सत्ता और पहुंच का खेल” चल रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार पर मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जेल जैसी संवेदनशील जगहों पर भी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
राफिया नाज़ ने कांग्रेस नेता आलमगीर आलम, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और मंत्री हाफ़िज़ुल हसन अंसारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर नेताओं की चुप्पी चिंता बढ़ाने वाली है।
भाजपा ने मामले में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच, आरोपित जेल अधिकारियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग भी की गई है।

