
Jharkhand Investment : झारखंड में निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बड़े उद्योगपतियों के साथ अहम बैठक की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर राज्य में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास और नई संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में CII झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन, CII ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति और CII झारखंड हेड प्रभात कुमार समेत कई उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दावोस और UK दौरे की सफलता पर मिली बधाई
इस दौरान CII प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच 2026 में झारखंड सरकार की सक्रिय भागीदारी और यूनाइटेड किंगडम यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन पहलों से झारखंड को मजबूत निवेश संभावनाएं मिली हैं और राज्य निवेशकों के लिए आकर्षक केंद्र बनता जा रहा है।
‘झारखंड निवेश के लिए तैयार’ – CM हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दावोस के वैश्विक मंच पर झारखंड ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि राज्य में अपार औद्योगिक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए लगातार ठोस योजनाओं पर काम कर रही है।
इंडस्ट्रियल पॉलिसी पर हुई विस्तार से चर्चा
बैठक के दौरान राज्य की औद्योगिक नीति, निवेशकों का भरोसा बढ़ाने और उद्योगों के विस्तार को लेकर विस्तार से बातचीत हुई। CII प्रतिनिधियों ने सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई और पॉलिसी डेवलपमेंट में इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहयोग देने का भरोसा दिया।
झारखंड में निवेश और रोजगार के नए अवसरों को लेकर इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

