नई दिल्ली : लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में वरिष्ठ नेताओं के साथ शामिल हुए। बैठक में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि वोट हमारे लोकतांत्रिक संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, और हर नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। राहुल ने कहा कि आज चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से करोड़ों भारतीयों का वोट, और इसके साथ हमारे लोकतंत्र की बुनियाद ही खतरे में है। निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की रक्षा जिस व्यवस्था की लोकतांत्रिक ज़िम्मेदारी है, आज वही उसको बर्बाद करने में लगे हुए हैं। हम अपनी नैतिक ज़िम्मेदारी निभाते हुए पूरी ताकत के साथ इसकी रक्षा करेंगे, इसे मिटने नहीं देंगे।



