नेपाल में भारत के निवर्तमान राजदूत ने प्रधानमंत्री शाह के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

भारत के निवर्तमान राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से विदाई मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों, सहयोग और विकास परियोजनाओं पर चर्चा हुई तथा शुभकामनाएं दी गईं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

काठमांडू: नेपाल में भारत के निवर्तमान राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, श्रीवास्तव ने यहां शाह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। वह अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भारत लौटने की तैयारी कर रहे हैं। इस मुलाकात के बाद श्रीवास्तव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने नेपाल से जाने की तैयारी के क्रम में माननीय प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से विदाई से पूर्व मुलाकात की। मैंने अपने इस कार्यकाल के दौरान द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने में उनके और नेपाल सरकार के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुलाकात के दौरान दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि नेपाल और भारत के बीच हमेशा से प्रगाढ़ और अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय नेपाल की मदद के लिए भारत सरकार का विशेष तौर पर धन्यवाद किया। शाह ने श्रीवास्तव को उनका कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्रीवास्तव ने नेपाल सरकार और वहां के लोगों को सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि नेपाल में भारत के राजदूत के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान कई विकास परियोजनाएं पूरी हुईं। जून 2022 से नेपाल में भारत के राजदूत के तौर पर कार्यरत श्रीवास्तव एक अक्टूबर को भारत लौट रहे हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।