प्रधानमंत्री युवाओं से नहीं लड़ सकते, प्रधान को हटाने के अलावा कुछ भी स्वीकार्य नहीं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग दोहराई, कहा मंत्रालय बदलना छात्रों को मंजूर नहीं। उन्होंने छात्र आंदोलन और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को किसी अन्य मंत्रालय में भेजे जाने की चर्चा चल रही है, लेकिन ऐसा कोई भी कदम छात्रों को स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि “भ्रष्ट और अक्षम” शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग से कोई समझौता नहीं हो सकता। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास ’10 जनपथ’ पर कुछ प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में धर्मेंद्र प्रधान को किसी अन्य मंत्रालय में भेजे जाने को लेकर कुछ चर्चा चल रही है। यह छात्रों को स्वीकार्य नहीं है और किसी को भी स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘वह (प्रधान) इस देश की सबसे मूल्यवान चीज, हमारे छात्रों और उनके भविष्य के बर्बाद करने के प्रतीक हैं। धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाना चाहिए।’’ राहुल ने छात्रों पर “हमले” के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों को दंडित किया जाना चाहिए तथा जवाबदेह ठहराया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘इस पूरी मशीनरी के नेता नरेन्द्र मोदी को छात्रों, और इस देश के भविष्य के साथ जो कुछ भी उन्होंने किया है, उसके लिए माफी मांगनी चाहिए।’’ राहुल ने कहा कि ये युवा भारत के भविष्य हैं और सरकार चाहे जितनी भी ताकत लगा ले, उन्हें प्रदर्शन स्थल से नहीं हटा सकती। उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी भारत के अतीत हैं और अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।