
रामगढ़ : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र से गजब खबर सामने आई है। साड़म गांव में एक शादी समारोह के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाला के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। जानकारी के मुताबिक, साड़म गांव निवासी युवती की शादी के लिए ब्यांग गांव से खुशी और धूमधाम के साथ बारात आई थी।
बारात का धूमधाम से स्वागत किया गया। साथ ही सारी रस्में भी निभाई गईं। जयमाला की रस्म भी पूरी कर ली गई। इसके बाद विवाह की अन्य तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच दुल्हन मौका मिलते ही अपने प्रेमी के साथ वहां से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी बारातियों के साथ शामिल होकर आया था और वह भी दूल्हे के गांव का ही रहने वाला है। दुल्हन के अचानक गायब होने की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा होता रहा। परिवार वालों और गांव के लोगों ने मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। बाद में मामला गोला थाना पहुंचा, और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई।

