रामगढ़ में भारत बंद का रहा आंशिक असर

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़: किसानों के पक्ष में और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के साथ अन्य विपक्षी दलों के भारत बंद का रामगढ़ जिले में आंशिक असर रहा। जिले में अधिकांश दुकानें खुली रहीं।

यात्री वाहनों का परिचालन भी सामान्य तौर पर होता रहा। हालांकि, इन सबके बीच कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और वामदलों ने किसानों के पक्ष में प्रदर्शन किया गया।

रामगढ़ शहर के सुभाष चौक, थाना चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर पटेल चौक, नया मोड़ और मांडू प्रखंड में सड़कों पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।

बाद में जिला प्रशासन के एसडीओ जावेद हुसैन, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ने मिलकर आंदोलन को समाप्त कराया।

दोपहर 12:00 बजे के बाद जिले के तमाम स्थानों पर आंदोलन खत्म कर दिए गए और बाजार सामान्य दिनों की तरह ही खुले रहे।

केंद्र सरकार किसानों का कर रही दमन : शहजादा अनवर

किसान आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरे कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बहुमत के मद में चूर होकर किसानों का दमन कर रही है। 10 महीनों से अधिक समय हो गया है।

लाखों किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन संवेदनहीन केंद्र सरकार उनसे वार्ता करने को भी तैयार नहीं है।

ऐसी सरकार के खिलाफ पूरे देश में अब जन आंदोलन खड़ा हो रहा है।

कोयलांचल में भी आंशिक रूप से रहा बंद का असर

कोयलांचल क्षेत्र में भारत बंद का असर आंशिक रूप से ही देखा गया। रजरप्पा, कुज्जू, वेस्ट बोकारो, अरगड्डा, भुरकुंडा, भदानीनगर, उरीमारी, सयाल, न्यू बिरसा आदि परियोजनाओं में सभी दुकानें खुली रहीं।

ट्रांसपोर्टिंग का कार्य भी सामान्य तौर पर चलता रहा। सड़कों पर आवागमन भी सामान्य दिनों की तरह ही चलता रहा।

Share This Article