रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: बैंड-ताशा पार्टी के 7 लोगों की मौत, सीएम हेमंत ने जताया शोक

रामगढ़ के एनएच-23 पर भीषण सड़क हादसे में बैंड-ताशा पार्टी के सात लोगों की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दुर्घटना रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर हुई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है। 

पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास हुई। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर एक यात्री वाहन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यात्री वाहन में ताशा पार्टी के सदस्य सवार थे, जो इस भीषण टक्कर में बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बलसगरा के दो लोग और मारगामरचा गांव के बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य एक सवारी वाहन से मारगामरचा आए थे। कार्यक्रम के लिए अन्य सदस्यों को साथ लेकर वे वापस बलसगरा लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा कोयला लदा ट्रक ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक रॉन्ग साइड में आ गया था, जिसके कारण सवारी वाहन से उसकी सीधी टक्कर हुई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-23 पर जाम कर दिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।