


रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र से दिन-प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं की खबरें आती रहती हैं। फिर से सोमवार को एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों की खबर सामने आई है। इस खतरनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। साथ ही तीसरी दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना चट्टी बाजार के कैथा चौक के पास हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना एनएच-33 स्थित चुटुपालू घाटी में हुई और तीसरी घटना भी घाटी क्षेत्र में हुई है। मृतकों के नाम नवीन कुमार (15 वर्षीय) व राहुल राजीव (23 वर्षीय) बताए जा रहे हैं।





बताया जा रहा है कि नवीन अपने किसी काम से बाजार गया था। इसी बीच वह तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसकी मदद की और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं राहुल राजीव अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे कि इसी बीच बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे एक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं तीसरी घटना घाटी क्षेत्र की है, जहां ट्रक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटनाओं के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दिन-प्रतिदिन हो रही घटनाओं को देखकर आसपास के लोग भी परेशान हैं।
