तीन विमानों में तकनीकी खराबी, घंटों विलंब से रवाना होने से यात्री परेशान

रांची एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और इंडिगो के तीन विमानों में तकनीकी खराबी से उड़ानें घंटों विलंबित रहीं। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, मरम्मत के बाद विमान रवाना किए गए।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची एयरपोर्ट पर सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण तीन विमान घंटों विलंब से उड़ान भर सके। इनमें एयर इंडिया का एक और इंडिगो के दो विमान शामिल थे। विमानों में आई खराबी के बाद रांची एयरपोर्ट पर ही मरम्मत का काम किया गया, जिसके बाद उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया का बेंगलुरु से रांची आने वाला विमान तकनीकी खराबी के कारण 4 घंटे की देरी से वापस बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ। शाम करीब 4 बजे लैंडिंग के बाद विमान के एक पहिए में हवा का दबाव कम पाया गया। इसके बाद दिल्ली से नया टायर मंगाकर विमान में लगाया गया, जिसके बाद रात 9:35 बजे इसे रवाना किया गया।
वहीं, दिन में दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान भी तकनीकी खराबी की वजह से 5 घंटे की देरी से उड़ान भर सका। इसके लिए उपकरण दिल्ली से मंगवाए गए और मरम्मत के बाद रात 9:40 बजे इसे रवाना किया गया। इसके अलावा, सुबह कोलकाता-रांची विमान में भी तकनीकी खराबी आई।
देर रात कोलकाता से रांची आने वाले विमान को रद्द कर दिया गया और उसे रायपुर डायवर्ट कर दिया गया। एयरपोर्ट पर लंबे समय तक फंसे रहने के कारण यात्रियों ने गहरी नाराजगी जताई। हालांकि, बाद में यात्रियों को अन्य विमानों या वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा गया।

Share This Article