
रांची। बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची में 15 जून 2026 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की ओर से ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि इस अवसर पर यात्रियों की सुविधा, जन-जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यात्रियों का होगा पारंपरिक स्वागत
कार्यक्रम के तहत आगमन टर्मिनल पर यात्रियों का तिलक, गुलाब और चॉकलेट देकर स्वागत किया जाएगा। यात्रियों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट और फोटो बूथ की भी व्यवस्था की जाएगी।
पर्यावरण और स्वच्छता पर विशेष जोर
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट परिसर, पार्किंग क्षेत्र और पहुंच मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
झारखंड की संस्कृति से रूबरू होंगे यात्री
राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए छऊ नृत्य, स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बच्चों के लिए चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम
यात्रियों एवं हितधारकों के लिए रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर तथा टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को मिलेगा विमानन क्षेत्र का अनुभव
युवाओं को विमानन क्षेत्र से परिचित कराने के उद्देश्य से मेधावी विद्यार्थियों के लिए एयरपोर्ट फैमिलियराइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों के सुझाव और अनुभव जानने के लिए फीडबैक एवं वीडियो टेस्टिमोनियल अभियान भी चलाया जाएगा।
भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र नई ऊंचाइयों पर
प्रेस वार्ता में बताया गया कि पिछले एक दशक में भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र दुनिया के सबसे तेजी से विकसित हो रहे विमानन बाजारों में शामिल हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश के हवाई अड्डों पर करीब 41.18 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इस अवधि में विमान परिचालन में 7.8 प्रतिशत तथा कार्गो परिवहन में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान योजना (UDAN), डिजीयात्रा और आधुनिक एयर ट्रैफिक प्रबंधन प्रणालियों ने इस विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
AAI का बढ़ता योगदान
प्राधिकरण वर्तमान में देशभर के 160 से अधिक हवाई अड्डों का संचालन एवं प्रबंधन कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में AAI ने लगभग 20,648 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि कर-पूर्व लाभ 9,655 करोड़ रुपये रहा।
12 वर्षों में रांची एयरपोर्ट की उल्लेखनीय प्रगति
यात्री संख्या में चार गुना से अधिक वृद्धि
वर्ष 2014-15 में जहां बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लगभग 6.5 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, वहीं वर्तमान में यह संख्या बढ़कर करीब 27 लाख वार्षिक यात्रियों तक पहुंच गई है। यह झारखंड में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और बेहतर हवाई संपर्क का संकेत है।
वित्तीय प्रदर्शन में निरंतर सुधार
रांची एयरपोर्ट का लाभ लगातार बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 49.21 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया गया, जो 2024-25 में बढ़कर 64.60 करोड़ रुपये और 2025-26 में 87.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
आधारभूत संरचना का विस्तार
पिछले वर्षों में एयरपोर्ट पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर, DVOR एवं ILS प्रणाली की स्थापना, एप्रन विस्तार, पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज (PBB) और यात्री सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल है। इन परियोजनाओं से एयरपोर्ट की क्षमता, सुरक्षा और परिचालन दक्षता में वृद्धि हुई है।
यात्रियों को मिल रही आधुनिक सुविधाएं
यात्रियों के बेहतर अनुभव के लिए एयरपोर्ट पर LIDAN यात्री कैफे, AVSAR आउटलेट, फ्लाई लाइब्रेरी, किड्स प्ले जोन, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाली विशेष कलाकृतियां स्थापित की गई हैं।
स्थानीय कलाकारों को मिल रहा मंच
AVSAR (Airports as Venues for Skilled Artisans of the Region) पहल के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को अपने उत्पाद एवं कलाकृतियां प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। सोहराय-खोवर कला समेत अन्य स्थानीय हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती
बेहतर हवाई संपर्क के कारण झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हुई है। इससे पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन, व्यापार और सेवा क्षेत्र को लाभ मिला है तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
हरित विकास के प्रति प्रतिबद्धता
रांची एयरपोर्ट सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्ष LED प्रकाश व्यवस्था, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग, वृक्षारोपण अभियान तथा जल एवं ऊर्जा संरक्षण उपायों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है।
रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका
एयरपोर्ट प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग, सुरक्षा सेवाओं, परिवहन, होटल, रिटेल और खानपान जैसी गतिविधियों के माध्यम से रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। साथ ही यह स्थानीय व्यवसायों और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति प्रदान कर रहा है।
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि ‘यात्री सुविधा दिवस’ का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

