
रांची: राजधानी रांची के अशोक नगर रोड नंबर 5B में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिल्डर निशीथ केसरी के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बॉडीगार्ड ने भी चलाई गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक दो अपराधी घर के बाहर पहुंचे और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले के दौरान वहां मौजूद बॉडीगार्ड ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी बीच अपनी हो गोली से बॉडीगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

