
रांची: राजधानी रांची में सोमवार को ऑटो चालक यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लोक भवन धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। यूनियन के अध्यक्ष अर्जुन यादव के नेतृत्व में एकजुट हुए ऑटो चालकों ने धरना देने के बाद उपायुक्त, नगर आयुक्त, प्रमंडलीय आयुक्त, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ऑटो चालकों ने मुख्य रूप से शहर में खराब पार्किंग व्यवस्था, मनमाने ई-चालान और परमिट से जुड़ी समस्याओं पर अपनी गंभीर नाराजगी जताई है।
यूनियन का आरोप है कि शहर में ऑटो पार्किंग की कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। वर्तमान में केवल रातू रोड न्यू मार्केट बस स्टैंड पर ही वैध पार्किंग उपलब्ध है, जबकि अरगोड़ा चौक और आईटीआई बस स्टैंड के पास जबरन अवैध पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है।
चालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर बिना किसी पूर्व सूचना के ई-चालान काटने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि 500 से लेकर 5,000 तक के भारी-भरकम चालान काटे जाने से उनकी आजीविका बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ऑटो चालकों ने मांग की है कि शहर में एक ‘एकल टोकन व्यवस्था’ लागू की जाए, सवारी चढ़ाने और उतारने के लिए निश्चित स्थान चिह्नित किए जाएं और 5,000 नए ऑटो परमिट जारी किए जाएं। कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए संगठन ने मांग की है कि चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों और जमादारों का हर 15 दिन में तबादला किया जाए। यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

