रांची: झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने रांची नगर निगम क्षेत्र में चलने वाले ऑटोरिक्शा के परमिट हस्तांतरण और प्रतिस्थापन (ट्रांसफर और रिप्लेसमेंट) से संबंधित लंबित मामलों के जल्द निष्पादन की मांग की है। इस विषय को लेकर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर परिवहन आयुक्त सह सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए) रांची को एक मांग पत्र सौंपा है।

महासंघ ने पत्र के माध्यम से ध्यान दिलाया है कि परमिट हस्तांतरण और प्रतिस्थापन की फाइलों में हो रही देरी के कारण ऑटो चालकों और परमिटधारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय कार्यों को गति देने के लिए महासंघ ने सुझाव दिया है कि यदि संबंधित सेक्शन में कर्मियों को जानकारी या अनुभव की कमी है, तो वहां योग्य और अनुभवी कर्मियों को तैनात किया जाए ताकि नियमों के अनुसार तय समय-सीमा में काम पूरा हो सके। पूर्व में जारी सरकारी आदेशों और विभागीय निर्देशों का हवाला देते हुए महासंघ ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने का आग्रह किया है।
आरटीए सचिव से इस मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए ठोस कदम उठाने की अपील की गई है ताकि चालकों को अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र पांडे, प्रदेश सचिव रमाशंकर सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष भोला सिंह, रांची जिला बैरिया उपाध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र पांडे, महासचिव सुनील कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।


