रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी का गुस्सा फूट पड़ा है। भाजपा के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के आह्वान के तहत सोमवार को रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ने का प्रयास किया गया। सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

दूसरी ओर स्थिति बिगड़ते देख कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता भी हाथों में लाठियां लेकर डट गए, जिससे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से इलाके में तनाव देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता लगातार कांग्रेस और उसके नेतृत्व के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।
जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में कड़े इंतजाम किए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। फिलहाल प्रशासन की मुस्तैदी से स्थिति नियंत्रण में है।


