ब्रिजफोर्ड स्कूल में मेधा का महाकुंभ: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

रांची के ब्रिजफोर्ड स्कूल में एआई और रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन हुआ, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: तुपुदाना स्थित ब्रिजफोर्ड स्कूल में मंगलवार को एक भव्य समारोह के दौरान अत्याधुनिक एआई एवं रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन तथा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के लिए अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया, वहीं आधुनिक तकनीकी शिक्षा की दिशा में विद्यालय ने एक महत्वपूर्ण कदम भी बढ़ाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं। उन्होंने रिबन काटकर AI और रोबोटिक्स लैब का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रोबोटिक्स से जुड़े विभिन्न मॉडलों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यालय की वाइस चेयरपर्सन प्रियंका जालान ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय अपने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व करता है। उन्होंने कहा कि AI एवं रोबोटिक्स लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे आधुनिक युग की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। इस अवसर पर मुख्य अतिथि की ओर से कक्षा 10 के AISSE टॉपर्स, विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा शैक्षणिक सत्र 2025–26 में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 10 तक के टॉपर्स को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ब्रिजफोर्ड स्कूल में एक सशक्त शैक्षणिक इको-सिस्टम विकसित किया गया है, जहाँ शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास और एक बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में उनकी उपस्थिति बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में AI ने शिक्षा को सरल और सुलभ बनाया है, किंतु शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल जानकारी अर्जित करना नहीं, बल्कि सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बारहवीं कक्षा के छात्र आयुष कुमार सिंह एवं छात्रा नव्या रामटेक ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य मुनीष दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि विद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी पूर्ण क्षमता तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।