रांची: जिले में 15 वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के मामले में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 29 सितंबर को उस समय हुई जब नौवीं कक्षा की छात्रा अपने घर में अकेली थी। पीड़िता का घर बुढ़मू थाना क्षेत्र के एक गांव में है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 30 सितंबर को 24 वर्षीय आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने कहा, ‘‘उस शाम जब लड़की घर में अकेली थी, तब आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।’’ अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच हो चुकी है और उसकी हालत स्थिर है। मामले की जांच जारी है।


