रांचीः राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इस बार बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बना लिया। सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सब इंस्पेक्टर के घर में घुसे अपराधियों ने उनकी बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी तोड़कर करीब 30 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक वारदात सदर थाना क्षेत्र में बूटी मोड़ के पास वक्सफॉल फैक्ट्री के बगल स्थित इलाके में हुई। पीड़ित सब इंस्पेक्टर धनंजय शाही गोड्डा जिले में पदस्थापित हैं और फिलहाल गोड्डा पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे।
पत्नी तीज का सामान खरीदने गई थीं, घर में अकेली थी बेटी
पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, 13 सितंबर को दिन के समय धनंजय शाही की पत्नी तीज का सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गई थीं। उनका बेटा भी ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था। इसी दौरान उनकी बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि अपराधियों ने इसी मौके का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया। बताया गया है कि बदमाशों ने घर में मौजूद बेटी को उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवरात निकालने लगे। अपराधी करीब 30 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोने के जेवरात, चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
बैग में भरकर ले गए नकदी और जेवरात
वारदात के बाद अलमारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। पीड़ित परिवार के मुताबिक अपराधियों ने नकदी और जेवरात को बैग में भरा और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान घर में मौजूद बेटी बुरी तरह डर गई। वारदात के बाद से वह सदमे में है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि वारदात के पीछे किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका तो नहीं है।

