रांची : अरगोड़ा थाना क्षेत्र में ऑटो से सवारी को सुनसान जगह ले जाकर चाकू की नोक पर लूटपाट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 9 बजे 61 वर्षीय मो. अनजार अहमद गया से लौटने के बाद बटी मोड़ के पास ऑटो में सवार हुए थे। ऑटो में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद था।
अरगोड़ा जाने के दौरान ऑटो चालक हरमू बिजली ऑफिस के पास मुख्य सड़क छोड़कर वाहन को सुनसान जगह की ओर ले गया। आरोप है कि वहां चालक और उसके साथियों ने चाकू का भय दिखाकर उनके साथ मारपीट की और 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और कुछ दस्तावेज लूट लिए।
इसके बाद घटना के बाद अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 242/26 दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने ऑटो चालक मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह और चिकू कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ऑटो (JH01DU9814) सहित कई सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान में Vivo Y20A, Redmi Note 10T 5G और Narzo कंपनी का एक मोबाइल, HP कंपनी का लैपटॉप बैग और कपड़े तथा 6 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोनी सिंह का पूर्व में भी कई थानों में मामले दर्ज रहे हैं। इनमें चोरी, पुलिसकर्मी के साथ मारपीट/बदसलूकी समेत अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। कांके थाना में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा मामला भी दर्ज बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

