दुर्गा पूजा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, डीसी ने कई पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

दुर्गा पूजा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने एसएसपी समेत अधिकारियों के साथ पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं की समीक्षा की।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने एसएसपी राकेश रंजन और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, फायर फाइटिंग सिस्टम, बिजली व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम ने बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया।

डीसी ने पूजा समितियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पूजा समितियों को आपातकालीन निकास मार्ग खुला रखने, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने पूजा समितियों से पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूजा में शामिल होने की अपील की गई है।

 

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।