

रांची: अरगोड़ा थाना पुलिस ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर मोबाइल फोन के जरिए लगातार रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप है। मामले में डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा (68) ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 29 जुलाई से उन्हें लगातार पांच करोड़ रुपये की रंगदारी देने के लिए धमकाया जा रहा था। इसके बाद अरगोड़ा थाना कांड संख्या 224/2026, दिनांक 23 अगस्त 2026 को BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।





वरीय पुलिस अधीक्षक रांची और पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी एवं अनुसंधान के आधार पर कथित रूप से धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान दीपक कुमार दास (46) के रूप में की। पुलिस ने उसे रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से लोहरदगा का रहने वाला है और वर्तमान में रांची में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड को भी बरामद किया है। कार्रवाई में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
