रांची: दशहरा और दीपावली के त्योहारी मौसम से पहले ही रांची से चलने और यहां आने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या गहरा गई है। आलम यह है कि त्योहारों में अभी दो महीने से भी कम समय बाकी है, लेकिन आनंदविहार, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हावड़ा और जयनगर जैसे व्यस्त रूटों पर स्लीपर से लेकर थर्ड एसी व सेकंड एसी तक में टिकटों की भारी किल्लत देखी जा रही है। कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में तो नो-रूम की स्थिति बन चुकी है और आईआरसीटीसी की वेबसाइट तथा रेलवे आरक्षण काउंटरों पर नो-रूम (रिग्रेट) दिखने के कारण नए टिकटों की बुकिंग पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इससे अपने घर लौटने वाले यात्रियों के साथ-साथ त्योहार पर रांची आने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
यात्रियों की इस भारी भीड़ और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रांची रेल मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। रेल प्रशासन ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भेजा है, जिनमें रांची से जयनगर, नई दिल्ली, अजमेर, मुंबई, आरा, बनारस और कोलकाता जैसे प्रमुख मार्गों की ट्रेनें शामिल हैं। इस संबंध में डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि पूजा के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन करेगी, ताकि त्योहारों के मौके पर यात्रियों को आवाजाही में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

