पलक्कड़ (केरलम): पलक्कड़ के शोरानूर के पास ट्रेन में एक महिला यात्री से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में 47 वर्षीय टिकट निरीक्षक (टीटीई) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कोल्लम के कडक्कल निवासी शिजू के रूप में हुई है। वह रेलवे के तिरुवनंतपुरम मंडल से जुड़ा है। रेलवे पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, घटना शुक्रवार को निजामुद्दीन एक्सप्रेस में उस समय हुई, जब ट्रेन त्रिशूर और वल्लाथोल नगर के बीच थी।
अधिकारियों ने बताया कि महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी, लेकिन दोनों अलग-अलग सीट पर बैठे थे क्योंकि उनकी सीट अलग-अलग स्थानों पर आरक्षित थीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर महिला के पास में बैठ गया और उसकी सहमति के बिना उसे गलत तरीके से छुआ। इसने कहा कि महिला ने तुरंत शोर मचाया और रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी जिसके बाद ट्रेन के शोरानूर पहुंचने पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी कथित तौर पर नशे में था। इसने बताया कि शिजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।



