अगरतला : त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी टिपरा मोथा पार्टी ने राज्य के ‘छठी अनुसूची’ वाले इलाकों की 587 ग्राम समितियों की कुल 4,597 सीट में से 1,548 पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्र वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, भाजपा को 82 सीट पर निर्विरोध विजेता घोषित किया गया।
त्रिपुरा राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन ने कहा, ‘‘कुल 1,630 सीट पर मतदान कराने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि नामांकन वापस लेने की समय-सीमा खत्म होने के बाद टिपरा मोथा ने 1,548 सीट पर निर्विरोध जीत हासिल की हैं, जबकि भाजपा ने भी 82 सीट पर निर्विरोध जीत दर्ज की हैं।’’ उन्होंने कहा कि अब बाकी 2,967 सीट पर 28 सितंबर को चुनाव होंगे। कुल मिलाकर, टिपरा मोथा, भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और अन्य दलों के 9,820 उम्मीदवार अब भी चुनावी मैदान में हैं।
टिपरा मोथा ने सबसे अधिक 4,279 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि माकपा के 2,151 और भाजपा के 1,853 उम्मीदवार हैं।


