
रांची : रांची जिले के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी टीओपी के पास सोमवार सुबह एक होमगार्ड जवान से लूट की वारदात हुई। ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड जवान से अपराधियों ने चाकू की नोंक पर स्कूटी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार पीड़ित होमगार्ड जवान गणेश राम सोमवार की सुबह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने चाकू दिखाकर जवान को धमकाया और उनकी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान आरोपियों ने जवान की वर्दी और टोपी रास्ते में ही फेंककर फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

