
रांची : राजधानी रांची में अपराधी बेखौफ हो गए है। मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। सोमवार की सुबह रातू रोड के किशोरगंज चौक के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन और झुमके छीन लिए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर बताया जा रहा कि पीड़ित महिला रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी। जब वह किशोरगंज चौक के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। जैसे ही महिला सड़क किनारे अकेली दिखी, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन और कान से झुमके छीन लिए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सदमे में खड़ी रह गई महिला
घटना के बाद महिला काफी देर तक डर और सदमे में वहीं खड़ी रही। महिला के शोर मचाने पर आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वे काफी दूर निकल चुके थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोरगंज चौक और आसपास के इलाके में हर सुबह बड़ी संख्या में लोग टहलने निकलते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर महिलाओं में डर का माहौल देखा जा रहा है।

