
रांची : राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में एक गंभीर घटना सामने आई है। बीती रात करीब 11 बजे एक चोर मंदिर में घुसा और वहां सो रहे गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने मंदिर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपये से अधिक नकद लेकर फरार हो गया। सुबह जब लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे, तब उन्हें गार्ड का शव पड़ा मिला। इस घटना से इलाके में डर और गुस्सा दोनों का माहौल बन गया है।
इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोरी के दौरान मंदिर में तोड़फोड़ भी की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक व्यक्ति ने मंदिर में घुसने की बात कबूली है, लेकिन उसने हत्या से इनकार किया है।
वहीं, इस घटना के विरोध में आदिवासी संगठनों ने सड़क पर उतरकर टायर जलाए और प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।

