
नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, समाज के विकास एवं एकता पर दिया गया जोर
रांची : श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा की आम सभा का आयोजन स्थानीय दिगंबर जैन भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सभा में समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नवकार मंत्र के उच्चारण के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं अनुशासित भाव से ओतप्रोत हो उठा। सभा में पूर्व की कार्यकारिणी की ओर से विगत वर्षों में किए गए सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। वहीं कोषाध्यक्ष की ओर से सभा का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहा।
इसके पश्चात वर्ष 2026-2028 के लिए नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। समाज के सभी सदस्यों की सहमति एवं सर्वसम्मति से अमरचंद बेगानी को श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं विनोद बेंगवानी को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी में कमलेश संचेती को उपाध्यक्ष,संजय सिंघी को कोषाध्यक्ष, ललित सेठिया को सह सचिव बनाया गया। इसके साथ ही विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में दिलीप बोहरा, लालचंद बोथरा, प्रकाश नाहटा एवं कोमल जी गेल्डा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां प्रदान की गईं । कार्यकारिणी सदस्यों में
अमित बेगानी, विशाल सिंघी, अशोक गुलगुलिया, दिलीप भटेरा, विजय बोथरा एवं पंकज बोथरा को शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरचंद बेगानी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तेरापंथ सभा समाज की एकता, संस्कार, सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
सभा में उपस्थित समाजबंधुओं ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में सभा सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

