झारखंड : कोरोना संक्रमण के कारण पुलिसिंग प्रभावित, 40 पुलिसकर्मी संक्रमित

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य में कोरोना संक्रमण के कारण पुलिसिंग प्रभावित हो रही है। राज्य पुलिस मुख्यालय के बाद कोरोना संक्रमण काफी तेजी से सीआईडी मुख्यालय में फैला है।

राज्य सीआइडी में 200 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच करायी गई थी। जानकारी के मुताबिक, तकरीबन 40 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं।

डीआईजी, इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी संक्रमित पाए गए है। वरीय पुलिस अधिकारियों के संक्रमित पाए जाने के कारण कामकाज पूरी तरह बाधित है।

वहीं, पुलिस मुख्यालय में भी अधिकांश अफसर कोरोना संक्रमित हैं। आईजी व डीआईजी स्तर के अधिकारियों के संक्रमित होने के कारण विभागों का काम नहीं हो पा रहा है।

दस दिन में दुबारा संक्रमित हुए आईजी: राज्य पुलिस के आईजी स्तर के अधिकारी दस दिनों में कोरोना संक्रमित होकर ठीक होने के बाद दुबारा संक्रमित हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, आईजी की कोराना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट पहली बार 31 दिसंबर को आयी थी। तब उन्हें कोरोना का मामूली लक्षण था।

पांच जनवरी को जांच के बाद उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आयी, इसके बाद उन्होंने कार्यालय में काम करना शुरू किया।

लेकिन दुबारा तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने जांच करायी तो उनकी रिपोर्ट 10 जनवरी को पुन: पॉजिटिव आयी। दस दिनों के भीतर ही दुबारा संक्रमित होने का यह अनूठा मामला है।

कार्यालयों में आधे स्ट्रेंथ के साथ हो रहा काम: राज्य पुलिस मुख्यालय व सीआईडी मुख्यालय में स्ट्रेंथ से आधे कर्मियों के साथ काम किया जा रहा है।

सोशल डिस्टेंशिंग का पालन हो सके, इसके लिए कार्यालयों में रोस्टर सिस्टम लागू किया गया है। पुलिस कार्यालयों के शाखा प्रभारियों व विभाग के प्रमुखों को ही कार्यालय से काम करना है।

Share This Article