झारखंड : यहां होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को जिला प्रशासन ने खाने को दे दी डेट एक्सपायर्ड दवा, सिविल सर्जन और एसडीएम ने गलती स्वीकारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन में रहने की इजाजत दी गयी है।

होम आइसोलेशन में रहनेवाले लोगों को इंसिडेंट कमांडर (अंचलाधिकारी) के माध्यम से मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट दिया गया है।

कोरोना किट में दवा के साथ सैनिटाइजर और ट्रिपल लेयर मास्क भी दिये गये हैं, लेकिन राहत किट बांटने में बड़ी लापरवाही हुई है।

किट में एंटी एलर्जी की दवा (लेवोसेल-एम) लेवोसेट्रीजीन 11 नवंबर 2021 को ही एक्सपायर हो चुकी है। यह दवा सैकड़ों संक्रमितों तक पहुंच गयी है।

टैबलेट एक दिन में एक बार संक्रमित मरीज को खाना है। 10 दिन इस टैबलेट को मरीजों को खाने की सलाह दी गयी है।

एक्सपायरी दवा के मामले में बुंडू के एसडीएम अजय कुमार साव ने कहा है कि उनके संज्ञान में भी एक्सपायरी दवा का मामला आया है।

उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी रांची उपायुक्त को दे दी गयी है। एसडीएम बुंडू ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (डीपीएम) समरेश कुमार की लापरवाही है।

इस संबंध में रांची सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने कहा कि पुराने किट में दवा चेंज करने की दौरान गलती हुई है।

जिसकी गलती से किट के माध्यम से एक्सपायरी दवा दी गयी है, उस पर जांच करते हुए विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

Share This Article