

रांची: राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शुक्रवार को JPSC-JSSC नियुक्ति विवाद को लेकर हो रहे प्रदर्शन के दौरान अचानक हंगामा हो गया। मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों के बीच एक युवक पुतला छीनकर भागने लगा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।





छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी JPSC और JSSC बहाली में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक भीड़ के बीच पहुंचा और मुख्यमंत्री का पुतला लेकर भागने लगा।
पुतला छीनने के दौरान एक छात्रा से युवक की झड़प हो गई। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों का गुस्सा भड़क गया। छात्रों ने युवक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
युवक के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
बवाल की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर मामला शांत कराया।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद चौक पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
