
रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमटोली चौक स्थित लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से पूरा रेस्टोरेंट जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट मालिक को सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और रेस्टोरेंट के भीतर हालात काफी गंभीर हो चुके थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया। आग की लपटें नजदीक स्थित ट्रांसफार्मर तक पहुंचने लगी थीं, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

