धनबाद के आवास में संदिग्ध बम विस्फोट, युवक गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

धनबाद के ठाकुर कुल्ही इलाके में संदिग्ध विस्फोट में युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस CCTV फुटेज खंगालते हुए घटना के पीछे की वजह की जांच में जुटी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad Blast : धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित ठाकुर कुल्ही इलाके में सोमवार तड़के एक घर में हुए संदिग्ध विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में शिवकुमार उर्फ टिंकू नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके में उसके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को पहले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब तीन बजे टिंकू के घर की ओर से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद वह खून से लथपथ हालत में पड़ोसियों के पास पहुंचा और मदद मांगी। लोगों ने देखा कि उसके दोनों हाथों से काफी खून बह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि टिंकू कुछ दिन पहले ही इलाके में नया मकान बनाकर रहने आया था। उसके खिलाफ धनसार थाना में गृहभेदन और चोरी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वह अपनी पहचान छिपाकर यहां रह रहा था।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति देर रात टिंकू के साथ घर में जाता और कुछ समय बाद अकेले बाहर निकलता दिखाई दिया है। इसके कुछ मिनट बाद ही विस्फोट की घटना सामने आई।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बम विस्फोट की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।