Ranchi: राजधानी रांची के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव किया गया है। अब बस स्टैंड में टोल और अन्य निर्धारित शुल्कों की वसूली का जिम्मा पूरी तरह से रांची नगर निगम ने अपने हाथों में ले लिया है। आगामी 25 सितंबर से निगम विभागीय स्तर पर इसकी शुरुआत करने जा रहा है।
इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें राजस्व वसूली के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इसमें राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक को शामिल किया गया है और अगले 15 दिनों का ड्यूटी रोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
निगम द्वारा तय किए गए रोस्टर के अनुसार, टोल वसूली का कार्य दो शिफ्टों में होगा—पहली शिफ्ट सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक संचालित की जाएगी। टर्मिनल के प्रवेश और निकास द्वारों से आने-जाने वाले सभी वाहनों से तय दरों के अनुसार शुल्क वसूला जाएगा और भुगतान के बाद चालकों को निगम की अधिकृत रसीद दी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारी निगम का अधिकृत पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से पहनेंगे। टोल वसूली का यह काम केवल निगम के अधिकृत कर्मचारी ही करेंगे, इसमें किसी भी बाहरी या निजी व्यक्ति को शामिल करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पारदर्शिता की कमी मिलने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


