
रांची : महावीर जयंती के शुभ अवसर पर रांची नगर निगम ने 31 मार्च को निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है।निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस दिन मांस, मछली और मुर्गी के क्रय-विक्रय पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करते हुए इस निर्देश का पालन करें, ताकि किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।साथ ही निगम की टीमों को विभिन्न इलाकों में निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा, ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

