
रांची: राजधानी में बढ़ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले कथित ‘तीनपहाड़ गैंग’ का खुलासा किया है। इस मामले में तीन नाबालिगों को डिटेन किया गया है। उनके पास से चोरी के आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीनों नाबालिगों को नागाबाबा खटल के पास से हिरासत में लिया गया। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि सभी साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोप है कि ये भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और व्यस्त इलाकों में लोगों का ध्यान भटकाकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए मोबाइल किन लोगों को बेचे जाते थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं। बरामद मोबाइल फोन के आधार पर उनके असली मालिकों की पहचान भी की जा रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

