रांची: रांची नगर निगम ने वार्ड 14 में स्थित तीन प्रमुख तालाब गोसाईं तालाब, हटिया तालाब और चम्बोधा तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने, उनका संरक्षण और जीर्णोद्धार करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया। 24 जुलाई को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने इन तीनों जलाशयों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाबों की मौजूदा स्थिति, पानी की क्षमता, सफाई, पर्यावरणीय महत्व और भविष्य के विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि तीनों तालाबों के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार कर योजनाबद्ध और चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाए ताकि इनका मूल स्वरूप वापस लौटाया जा सके। चुटिया मुख्य मार्ग के पास राम मंदिर के निकट स्थित गोसाईं तालाब (एमएस प्लॉट संख्या 1068 व 1069, क्षेत्रफल 5 एकड़ 78 डिसमिल) की जर्जर हालत पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की।
गोसाईं तालाब की स्थिति सुधारने के लिए अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में एक टीम बनाई जाएगी, जिसमें सहायक नगर आयुक्त, नगर निवेशक, भू-संपदा और राजस्व शाखा के अधिकारी शामिल रहेंगे। यह टीम तालाब के आसपास अतिक्रमण का सीमांकन करेगी और अंचल कार्यालय की नापी रिपोर्ट का ड्रोन मैपिंग से मिलान कर सटीक सत्यापन करेगी।
अपर नगर आयुक्त के विशेष न्यायालय (स्पेशल कोर्ट) के माध्यम से संबंधित भवन स्वामियों को कानूनी नोटिस जारी किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध निर्माणों को हटाकर तालाब को पूरी तरह मुक्त कराया जाएगा। अतिक्रमण हटने के बाद इंजीनियरिंग शाखा द्वारा तालाब के दीर्घकालिक विकास और सौंदर्यीकरण का खाका तैयार किया जाएगा।

