रांची के मोरहाबादी में 30 अप्रैल से होगा राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग का आयोजन

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi National Women’s Hockey League: रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम (Jaipal Singh Astro Turf Hockey Stadium) में 30 अप्रैल से देश की पहली राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग (NWHL) का आयोजन होगा।

यह नौ मई तक खेला जाएगा। इसमें युवा महिला खिलाड़ियों के हाथों हॉकी स्टिक का जादू देखने को मिलेगा।

हॉकी झारखंड के प्रमुख और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग हमारे महिला खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने और घरेलू स्तर पर उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।

लीग का चरण-1 रांची में 30 अप्रैल से 9 मई 2024 तक आयोजित होगा जो देश में महिला हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। अपनी तरह का यह पहला घरेलू लीग Tournament होगा। इसमें देश की शीर्ष महिला हॉकी प्रतिभाओं का रोमांचक प्रदर्शन दिखेगा।

NWHL का लक्ष्य खेल को ऊपर उठाना और स्थापित तथा महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों के लिए एक मंच प्रदान करना भी है। उद्घाटन चरण में हाल ही में संपन्न 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप की शीर्ष आठ टीमों को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि हॉकी लीग में हॉकी हरियाणा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड (मेजबान), हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी बंगाल, हॉकी मिजोरम, मणिपुर हॉकी, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की टीम शामिल है। सभी टीमें एक-दूसरे से एक-एक मैच खेलेंगी।

युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए लीग में अंडर-21 आयु वर्ग की खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। जमीनी स्तर के खिलाड़ियों के विकास और भविष्य की पीढ़ी के हॉकी सितारों पर मजबूत फोकस करना इसका लक्ष्य है।

Hockey India के महासचिव सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग न केवल महिला हॉकी के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए भी एक गेम चेंजर साबित होगी। यह टूर्नामेंट राष्ट्रीय टीम के लिए प्रतिभाओं की पहचान और पोषण के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी उपयोगी साबित होगा।

इस प्रतियोगिता के लिए टीमों का आगमन 28 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। पांच टीमों को मोरहाबादी स्थित Hotel Park Prime और 3 टीमों को होटल ली लैक में ठहराया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का किए जाने का प्रयास होगा।

लाइव टेलीकास्ट भी होगा। निर्धारित दिनों में मैच सुबह 7 बजे, दोपहर बाद 4 बजे, 6 बजे और 8 बजे होंगे। 30 अप्रैल के बाद एक मई को मैच होंगे। इसके अलावा 4, 5, 7, 8 और 10 मई को मैच होंगे। 2, 5, 8 मई को रेस्ट डे रहेगा। दर्शकों के लिए इंट्री फ्री होगी।

Share This Article