
रांची : नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची से दो वन-वे अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 21 जून को विभिन्न गंतव्यों के लिए चलाई जाएंगी, जिससे परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों को घर लौटने में सुविधा मिल सके। पहली विशेष ट्रेन 08603 रांची-धनबाद अनारक्षित स्पेशल होगी। यह ट्रेन 21 जून को शाम 6:30 बजे रांची स्टेशन से रवाना होगी और उसी दिन रात 11:05 बजे धनबाद पहुंचेगी। अपने मार्ग में यह ट्रेन मुरी, झालिदा, कोटशिला और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर ठहरेगी।
वहीं दूसरी विशेष ट्रेन 08631 रांची-डाल्टनगंज अनारक्षित स्पेशल है। यह ट्रेन 21 जून को शाम 7:15 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और रात 11:15 बजे डाल्टनगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव पिस्का, टंगरबसली, नागजुआ, लोहरदगा, बरकीचानपी और बोदाग्राम स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नीट (यूजी) परीक्षा के कारण रांची में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद यात्रियों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है।

