रांची: दुर्गा पूजा के दौरान रांची से तीन नई विमान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं, जिससे यात्रियों को त्योहारों में काफी सहूलियत मिलेगी। एयर इंडिया और इंडिगो दुर्गा पूजा के दौरान रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लिए तीन नई उड़ानें शुरू करने की योजना बना रहे हैं। इसमें एयर इंडिया की नई दिल्ली-रांची नाइट फ्लाइट और इंडिगो की बेंगलुरु सेवा शामिल है।
त्योहारों के मौसम में बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई से रांची आने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस समय मांग अधिक होने के कारण हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां रांची से बेंगलुरु का किराया ₹11,975 तक और मुंबई का किराया ₹16,724 तक पहुँच गया है। अतिरिक्त उड़ानें शुरू होने से यात्रियों का दबाव कम होगा और किराए में राहत मिलने की उम्मीद है। इन उड़ानों की बुकिंग जल्द ही शुरू होने की संभावना है।



