Ranchi News: राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास संयुक्त छापेमारी कर करीब 2 क्विंटल गांजा जब्त किया गया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पिकअप वैन से भारी मात्रा में गांजा बरामद
मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा नंबर की एक पिकअप वैन के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही थी। NCB और पुलिस की टीम को इसकी सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पिकअप वैन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
वाहन चालक और सहयोगी गिरफ्तार
मौके से वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क और गांजा कहां से लाया गया था, इसकी जानकारी मिल सके। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


