
रांची: राजधानी रांची में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर कुमार रजत ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम कुमार पांडेय भी मौजूद रहे। बैठक में नामकुम और पिठोरिया इलाके के कुछ पेट्रोल पंपों पर कथित कमी की खबरों की समीक्षा की गई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कंपनियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सप्लाई कहीं भी बाधित नहीं हुई है।
अफवाहों से बढ़ी भीड़, कुछ पंपों पर दिखा दबाव
प्रशासन के अनुसार, कुछ जगहों पर अफवाहों की वजह से लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी भीड़ और दबाव की स्थिति बन गई। हालांकि कंपनियों ने भरोसा दिलाया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित सप्लाई जारी है।
कंपनियों को सख्त निगरानी के निर्देश
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने तेल कंपनियों को साफ निर्देश दिए कि वे सप्लाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और किसी भी तरह की लॉजिस्टिक या ट्रांसपोर्ट समस्या का तुरंत समाधान करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी भी हाल में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही सभी तेल कंपनियों को अपने-अपने रिटेल आउटलेट्स की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी पेट्रोल पंप पर जमाखोरी या कृत्रिम संकट जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।
प्रशासन की अपील- अफवाहों पर न दें ध्यान
अनुमंडल पदाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और सिर्फ जरूरत के मुताबिक ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

