
रांची : पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत केला बागान स्थित हनुमान मंदिर में रविवार रात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर से तांबा और पीतल की कई कीमती पूजन सामग्रियां लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। चोरों ने मंदिर से करीब 5 किलो का बड़ा घंटा, एक हाथ वाला घंटी, पूजा की दो थालियां, 4-5 दिए, 5 कटोरियां, 5 गिलास, एक बड़ा लोटा, एक छोटा लोटा सहित कई पूजन सामग्री की चोरी की है। साथ ही तांबे के दो शेषनाग और अन्य धार्मिक सामग्री भी गायब है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी इसी मंदिर में दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर समिति एवं आसपास के लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर पिठौरिया थाना क्षेत्र से महज कुछ किलोमीटर दूरी पर विशाल शिव कथा का आयोजन चल रहा है, जहां लाखों श्रद्धालु जुट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भगवान के मंदिर में चोरी की घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिठौरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

