रांची में काली पूजा पंडाल के पास फायरिंग, मची अफरातफरी, बाल-बाल बचे पूजा समिति सदस्य

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इरगु टोली में न्यू इंडियन क्लब काली पूजा समिति के सदस्य दीपक सिंह पर गोलीबारी हुई, लेकिन वो बाल-बाल बच गये। गोली चलाने का आरोप टुट्टू सिंह पर है।

आरोपित टुट्टू सिंह पेशे से मटका खेलाने का काम करता है। गोली चलाने के बाद आरोपित टुट्टू सिंह मौके से भाग गया। घटना शनिवार रात की है। गोली चलने की घटना के बाद आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया।

काली पूजा पंडाल के पास दर्शन करने आयी महिलाएं आसपास के घरों में छिप गयीं। सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दूसरी ओर काली पूजा समिति के अध्यक्ष बबलू चौधरी ने कहा कि पंडाल से कुछ देर पहले घर पर अपना जन्मदिन का केक काटने पहुंचे थे।

अचानक सूचना मिली कि टुट्टू सिंह ने पूजा समिति के सदस्य दीपक सिंह पर गोली चलाई है। दीपक बाल-बाल बच गया। टुट्टू सिंह के सामने आने के बाद गोली चलाने के कारण का खुलासा हो सकेगा।

मामले को लेकर सुखदेव नगर थाना के प्रभारी ने बताया कि सत्यापन करने पर गोली चलने की घटना की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। जांच की जा रही है।

इधर, इस मामले में पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने पटाखा फोड़ा था। जिसकी आवाज सुनने के बाद लोगों को इस बात की आशंका हुई कि फायरिंग की घटना हुई है।

हालांकि, जांच के दौरान ऐसी कोई बात सामने नहीं आयी और न ही मामले में किसी ने लिखित शिकायत की है।

Share This Article