रांची : राजधानी में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए रांची पुलिस ने जन शिकायत समाधान कार्यक्रम शुरू किया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों और ओपी में इस विशेष अभियान के तहत लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं।

इस अभियान की खास बात यह है कि एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी खुद अलग-अलग थानों में पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सीधे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने का अवसर देना है।
जन शिकायत कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की दिशा में पहल कर रहे हैं। रांची पुलिस की इस पहल से आम जनता और पुलिस के बीच संवाद मजबूत करने तथा शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


