
Train Cancelled : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में कीता और सिल्ली स्टेशनों के बीच 11 जुलाई को पावर-कम-ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रेलवे के बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इसके चलते कई लोकल और मेमू ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बर्द्धमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस (13503) का आंशिक समापन गोमो स्टेशन पर होगा। वहीं हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (13504) गोमो स्टेशन से ही रवाना होगी। इसके कारण गोमो और हटिया के बीच यह ट्रेन रद्द रहगी।
इसी तरह आसनसोल–रांची मेमू पैसेंजर (63598) का आंशिक समापन मुरी स्टेशन पर किया जाएगा, जबकि रांची–आसनसोल मेमू पैसेंजर (63597) मुरी स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसके चलते मुरी और रांची के बीच दोनों ट्रेनें नहीं चलेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी जरूर लें और इन अस्थायी बदलावों को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे प्रशासन ने इस दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया है।

